पुतला दहन स्थल, मेला परिसर, यातायात और अग्निशमन व्यवस्था का लिया जायजा

कानपुर नगर। विजयादशमी पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने गोविंद नगर थाना क्षेत्र स्थित रामलीला मैदान में पुतला दहन स्थल और मेला परिसर का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीसीपी दक्षिण ने पुतला दहन स्थल की सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन और अग्निशमन संबंधी इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने मेला परिसर में लगने वाली दुकानों की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए। भीड़ का प्रभावी प्रबंधन करने के साथ यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए। पुतला दहन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और अग्निशमन संबंधी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया गया।

डीसीपी ने निर्देशित किया कि विजयादशमी पर्व और मेले के दौरान पुलिस बल पूरी मुस्तैदी से तैनात रहे, जिससे किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो।

निरीक्षण के दौरान सहायक पुलिस आयुक्त बाबूपुरवा सहित गोविंद नगर थाने का पुलिस बल मौजूद रहा।