कानपुर। विकास शिक्षा निकेतन इंग्लिश स्कूल, संजय गांधी नगर नौबस्ता में दशहरा पर्व पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंध तंत्र द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इसके बाद नन्हे-मुन्ने बच्चों ने एक के बाद एक मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। स्कूली बच्चों ने पारंपरिक वेशभूषा में असत्य पर सत्य की विजय के संदेश पर आधारित कई कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों ने भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण एवं हनुमान जी की भूमिका निभाई। राम-रावण युद्ध और रावण दहन के दृश्य को बच्चों ने इतनी सुंदरता से प्रस्तुत किया कि उपस्थित अभिभावकों और शिक्षकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों ने यह संदेश दिया कि चाहे बुराई कितनी भी बड़ी क्यों न हो, अंत में सत्य की ही विजय होती है। प्रबंधक रविन्द्र किशोर मेहरोत्रा ने कहा कि दशहरा जैसे पर्व बच्चों को हमारी संस्कृति और संस्कारों से जोड़ते हैं। ऐसे आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे अपनी परंपराओं को समझ पाते हैं। विद्यालय का उद्देश्य केवल किताबी शिक्षा देना नहीं है, बल्कि बच्चों का सर्वांगीण विकास करना है। अध्यक्ष श्रीमती निर्मला मेहरोत्रा ने कहा कि नन्हे-मुन्ने बच्चों ने बहुत ही सुंदर प्रस्तुतियां दी हैं। बच्चों की प्रतिभा देखकर मन प्रसन्न हो गया। इस प्रकार के कार्यक्रमों से बच्चों में नैतिक मूल्यों और अच्छे संस्कारों का विकास होता है। विद्यालय भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। प्रधानाचार्य विकास मेहरोत्रा ने कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। हमें अपने जीवन में भी बुराई को त्यागकर अच्छाई के मार्ग पर चलना चाहिए। बच्चों ने आज बहुत मेहनत से अपनी प्रस्तुतियां दी हैं, इसके लिए सभी बच्चे और शिक्षक बधाई के पात्र हैं। कार्यक्रम के अंत में बच्चों को पुरस्कृत कर उनका उत्साह बढ़ाया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रबंधक रविन्द्र किशोर मेहरोत्रा, अध्यक्ष श्रीमती निर्मला मेहरोत्रा, प्रधानाचार्य विकास मेहरोत्रा, प्रियंका मेहरोत्रा, शशांक द्विवेदी, अखिलेश कुमार, गोपाल शर्मा, शशि मिश्रा, आशीष यादव, बिजेन्द्र कुमार मिश्रा, यशि गुप्ता, कविता, नन्दिनी, स्नेहा आदि शिक्षक एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।