विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना रहे मुख्य अतिथि, 12 कुंतल आटे से तैयार प्रसाद का वितरण; इस वर्ष एक लाख दस हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
कानपुर नगर। किदवई नगर विधानसभा क्षेत्र में विधायक महेश त्रिवेदी की ओर से आयोजित ‘नौ देवी, नौ दिन, नौ भंडारे’ अभियान का नौवें दिन बारा देवी मंदिर में भव्य समापन हुआ। इस अवसर पर 12 कुंतल आटे से तैयार पूड़ी-सब्जी और हलवे का प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। पं. राम गणेश त्रिवेदी सेवा समिति की ओर से उनका पटका पहनाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया। इसके बाद विधायक महेश त्रिवेदी ने नौ दिवसीय भंडारा अभियान के समापन की घोषणा की।
विधायक महेश त्रिवेदी ने कहा कि ‘नौ देवी, नौ दिन, नौ भंडारे’ अभियान आस्था, सेवा और सामाजिक सहभागिता का प्रतीक बन गया है। नौ दिनों तक विभिन्न मंदिरों में आयोजित भंडारों में श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भाग लेकर माता का प्रसाद ग्रहण किया।
हर साल बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या
मीडिया प्रभारी नीरज गुप्ता के अनुसार, अभियान के तहत हर वर्ष प्रसाद ग्रहण करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि हुई है। आयोजन से जुड़े आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2021 में करीब 38 कुंतल आटे से तैयार प्रसाद लगभग 40 हजार श्रद्धालुओं को वितरित किया गया था। वर्ष 2022 में 47 कुंतल आटे से करीब 55 हजार, वर्ष 2023 में 62 कुंतल से 70 हजार और वर्ष 2024 में 73 कुंतल आटे से लगभग 82 हजार श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद तैयार किया गया।
वर्ष 2025 में करीब एक लाख लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया, जबकि वर्ष 2026 में यह संख्या बढ़कर एक लाख दस हजार से अधिक हो गई। आयोजकों के अनुसार, लगातार बढ़ती सहभागिता अभियान की लोकप्रियता और धार्मिक आस्था को दर्शाती है।
कार्यक्रम में सांसद रमेश अवस्थी, सांसद सत्यदेव पचौरी, एमएलसी सलिल विश्नोई, अरुण पाठक, महापौर प्रमिला पांडेय, शिवराम सिंह, हरि स्वरूप तिवारी और विकास राय सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

