विधायक महेश त्रिवेदी बुन रहे सामाजिक एकता का तानाबाना, नवरात्र में नौ देवी-नौ दिन-नौ भंडारे
किदवई नगर विधानसभा के नौ प्रमुख मंदिरों में नवरात्र के पहले दिन से शुरू होता है आयोजन, 2026 में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के प्रसाद ग्रहण करने का अनुमान
कोरोना काल के बाद 2021 में शुरू हुई पहल पांचवीं बार आयोजित, कन्या पूजन के साथ होती है भंडारे की शुरुआत
कानपुर। धार्मिक आस्था को सामाजिक एकता और सहयोग के सूत्र में पिरोने की पहल के तहत किदवई नगर के विधायक महेश त्रिवेदी की ओर से नवरात्र में आयोजित होने वाला ‘नौ देवी-नौ दिन-नौ भंडारे’ कार्यक्रम श्रद्धालुओं के बीच खास पहचान बना चुका है। विधानसभा क्षेत्र के नौ प्रमुख मंदिरों में होने वाले इन भंडारों में हर साल हजारों लोग प्रसाद ग्रहण करते हैं। इस आयोजन के जरिए विधायक महेश त्रिवेदी विभिन्न वर्गों को एक साथ जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं।
कोरोना काल के बाद वर्ष 2021 में शुरू हुई इस पहल के तहत पांचवीं बार भंडारों का आयोजन किया जा रहा है। विधायक के मीडिया प्रतिनिधि नीरज गुप्ता के मुताबिक, प्रत्येक भंडारे की शुरुआत माता की पूजा और कन्या पूजन से होती है। विधायक महेश त्रिवेदी अपनी पत्नी आशा त्रिवेदी, बहू निधि त्रिवेदी और बच्चों शिवम, शुभम व कन्हैया त्रिवेदी के साथ मंदिर में पूजा-अर्चना करते हैं। इसके बाद कन्याओं को भोजन कराकर भंडारे की शुरुआत की जाती है।
हर साल बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या
आयोजन से जुड़े आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2021 में नौ मंदिरों में करीब 38 क्विंटल आटे से प्रसाद तैयार किया गया और लगभग 40 हजार श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। वर्ष 2022 में 47 क्विंटल आटे से करीब 55 हजार, 2023 में 62 क्विंटल से 70 हजार और 2024 में 73 क्विंटल आटे से लगभग 82 हजार श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद तैयार किया गया। वर्ष 2025 में करीब एक लाख लोगों के प्रसाद ग्रहण करने का अनुमान रहा। आयोजकों को उम्मीद है कि 2026 में यह संख्या एक लाख से अधिक पहुंचेगी।
नौ मंदिरों में होगा आयोजन
भंडारों का आयोजन पर राम गणेश त्रिवेदी सेवा समिति की ओर से किया जाता है। संस्था के अध्यक्ष शुभम त्रिवेदी के अनुसार, यह आयोजन बाबा की स्मृति में किया जाता है। भंडारे में विभिन्न समुदायों के लोग एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण करते हैं। इससे सामाजिक मेलजोल, सहयोग और आपसी सद्भाव को बढ़ावा मिलता है।
विधायक महेश त्रिवेदी का कहना है कि हिंदू धर्म में अन्नदान को श्रेष्ठ दान माना गया है। ऐसे आयोजन धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखने के साथ समाज को जोड़ने का माध्यम भी हैं।
इन मंदिरों में लगेगा भंडारा
आयोजकों के अनुसार, भंडारों का क्रम इस प्रकार है—पहला पथराई देवी मंदिर, यशोदा नगर; दूसरा संकट मोचन मंदिर, बर्रा-दो; तीसरा सोटे बाबा हनुमान मंदिर, किदवई नगर; चौथा जंगली देवी मंदिर, किदवई नगर; पांचवां बिगदेश्वर मंदिर, जूही; छठा शिव-शनि मंदिर, अंधा कुआं चौराहा; सातवां वैष्णो देवी मंदिर, दामोदर नगर; आठवां दुर्गा मंदिर, गोविंद नगर और नौवां बारा देवी मंदिर।
कई प्रमुख हस्तियां भी हो चुकी हैं शामिल
आयोजकों के मुताबिक, इन भंडारों में जिला प्रशासन, विकास विभाग, श्रम विभाग और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि भी शामिल होते रहे हैं। विधानसभा क्षेत्र के किदवई नगर, उस्मानपुर, गोविंद नगर, जूही, बर्रा, कर्रही, दामोदर नगर, यशोदा नगर, परमपुरवा, साकेत नगर, सफेद कॉलोनी, विश्व बैंक और बसंत विहार समेत आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
नौ दिन तक चलने वाला यह आयोजन धार्मिक अनुष्ठान के साथ सामाजिक सहभागिता का भी उदाहरण बन रहा है। विधायक महेश त्रिवेदी की इस पहल के माध्यम से नवरात्र के दौरान सेवा, अन्नदान और सामुदायिक एकजुटता का संदेश दिया जा रहा है।

