बाल विवाह की रोकथाम, महिला सुरक्षा और किशोरों को ऑनलाइन-ऑफलाइन उत्पीड़न से बचाव के प्रति किया जागरूक
कानपुर नगर। मिशन शक्ति अभियान के छठवें चरण के अंतर्गत थाना बादशाहीनाका में मॉडल मिशन शक्ति केंद्र का शुभारंभ किया गया। केंद्र पर महिलाओं को शिकायत दर्ज कराने, काउंसलिंग, सहायता, आश्रय और पुनर्वास जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस अवसर पर अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी शिवा सिंह की अध्यक्षता में वृहद जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें लगभग 350 महिलाओं, बच्चों, एनसीसी कैडेट्स, स्वयंसेवी संस्थाओं और विद्यालयों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। चौपाल में बाल विवाह की रोकथाम, महिला सुरक्षा, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के संबंध में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान लघु फिल्म ‘बढ़ते बच्चे’ के माध्यम से किशोरों को उम्र के साथ होने वाले शारीरिक और मानसिक बदलावों की जानकारी दी गई। साथ ही व्यक्तिगत सुरक्षा तथा ऑनलाइन और ऑफलाइन उत्पीड़न से बचाव के उपाय बताए गए। महिलाओं की सुरक्षा और सहायता के लिए 1090 हेल्पलाइन की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में अपर पुलिस उपायुक्त मुख्यालय स्नेहा तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। मिशन शक्ति के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को सुरक्षा संबंधी सुविधाओं की जानकारी देकर उन्हें जागरूक एवं सशक्त बनाना रहा।

