समयबद्ध निस्तारण के निर्देश, फरियादियों से सम्मानजनक व्यवहार पर जोर
कानपुर नगर, 24 अक्टूबर। पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने शनिवार को कार्यालय में जनसुनवाई कर नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनका निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान डीसीपी दक्षिण ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक शिकायत पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ता को भी की गई कार्रवाई और समाधान की जानकारी दी जाए।
उन्होंने जनसुनवाई में आने वाले नागरिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने, उन्हें बैठने की उचित व्यवस्था उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनने पर विशेष जोर दिया। साथ ही स्थानीय स्तर पर बार-बार सामने आने वाली समस्याओं का स्थायी समाधान निकालने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
डीसीपी दक्षिण ने अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

