स्व-गणना कर जनगणना में निभाएं अपनी सक्रिय सहभागिता : जिलाधिकारी
कानपुर नगर, 07 मई 2026।
जनगणना 2026 को सफल बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से स्व-गणना में सक्रिय सहभागिता की अपील की है। गुरुवार को सिविल लाइन स्थित जिलाधिकारी आवास पर जिलाधिकारी एवं उनकी पत्नी ने स्वयं स्व-गणना कर लोगों को जागरूक किया और इस प्रक्रिया को सरल एवं उपयोगी बताया।
जिलाधिकारी ने कहा कि यदि नागरिक पहले से स्व-गणना कर लेते हैं तो प्रगणकों को गणना कार्य में काफी सुविधा होगी और पूरी प्रक्रिया अधिक त्वरित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सकेगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में स्व-गणना का चरण 07 मई से 21 मई 2026 तक संचालित किया जा रहा है, जबकि 22 मई से 20 जून 2026 तक प्रगणक घर-घर जाकर सत्यापन एवं गणना का कार्य करेंगे।
उन्होंने बताया कि नागरिक अपने मोबाइल फोन के माध्यम से जनगणना पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर आसानी से स्व-गणना कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले राज्य का चयन कर पंजीकरण करना होगा। परिवार के मुखिया का नाम और 10 अंकों का मोबाइल नंबर दर्ज करने के बाद ओटीपी के जरिए सत्यापन किया जाएगा। एक मोबाइल नंबर से केवल एक परिवार का पंजीकरण संभव होगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि देश में कहीं से भी व्यक्ति अपने परिवार की स्व-गणना कर सकता है। पंजीकरण के बाद नागरिकों को अपनी लोकेशन चुनकर मकान एवं परिवार से जुड़ी सामान्य जानकारी भरनी होगी। इसमें मकान का प्रकार, फर्श और छत की स्थिति, शौचालय एवं स्नानघर की सुविधा, गैस कनेक्शन, मोबाइल, इंटरनेट, वाहन, दुपहिया वाहन, रेडियो, केबल एवं इंटरनेट कनेक्शन जैसी मूलभूत सुविधाओं से संबंधित जानकारी मांगी जाएगी।
सभी विवरण सही तरीके से भरने के बाद आवेदन सबमिट हो जाएगा और नागरिकों को 11 अंकों की सेल्फ एन्यूमरेशन आईडी प्राप्त होगी, जो “H” अक्षर से शुरू होगी। जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की कि इस आईडी को सुरक्षित रखें और प्रगणक के घर आने पर उन्हें यह आईडी अवश्य दिखाएं, ताकि डेटा का सत्यापन तुरंत किया जा सके।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनगणना से संबंधित सभी जानकारियां पूर्णतः गोपनीय रखी जाती हैं। यह सूचनाएं आरटीआई अधिनियम के अंतर्गत भी साझा नहीं की जातीं और न ही किसी अन्य संस्था अथवा न्यायालय में प्रस्तुत की जाती हैं। ऐसे में सभी नागरिक निःसंकोच होकर सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं।

