
आगरा। वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार के हैंडीक्राफ्ट विभाग के सहयोग से तथा कानपुर की स्वयंसेवी संस्था कलम द्वारा आयोजित गांधी शिल्प बाजार में देशभर के शिल्पकार अपनी कला और हुनर का प्रदर्शन कर रहे हैं। यह शिल्प बाजार 16 से 22 सितंबर 2026 तक क्वीन एम्प्रेस मैरी लाइब्रेरी, सदर बाजार में आयोजित किया जा रहा है।
गांधी शिल्प बाजार का उद्घाटन 17 सितंबर को डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा की कुलपति प्रो. आशु रानी ने किया। बाजार में देश के विभिन्न राज्यों से आए शिल्पकारों ने अपने पारंपरिक हस्तशिल्प के स्टॉल लगाए हैं।
यहां जम्मू-कश्मीर का पेपर मैश क्राफ्ट, जोधपुर का आयरन क्राफ्ट, मथुरा की ठाकुर जी की पोशाक, असम के बांस से बने उत्पाद, भदोही की कालीन तथा छत्तीसगढ़ की बोल प्रिंटिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों की हस्तकलाएं लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। इसके साथ ही आगरा विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने भी अपने क्राफ्ट के स्टॉल लगाए हैं।
प्रतिदिन हो रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम
गांधी शिल्प बाजार में प्रतिदिन आगरा विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जा रहे हैं। आयोजकों के अनुसार देश में पहली बार गांधी शिल्प बाजार में शिल्पकारों के लिए सातों दिन दोनों समय भोजन की व्यवस्था कलम संस्था की ओर से की गई है। इसके अलावा शिल्पकारों का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया जा रहा है।
20 सितंबर, रविवार को शाम 5 से 7 बजे तक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित एवं उपराष्ट्रपति से सम्मान प्राप्त लोककलाकार शिवा अवस्थी, कानपुर तथा अंतरराष्ट्रीय आल्हा गायक एवं टीवी कलाकार संग्राम सिंह, कन्नौज अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
आयोजकों ने आगरा के लोगों से गांधी शिल्प बाजार में पहुंचकर देशभर से आए शिल्पकारों की कला को देखने और उनका उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

