Article Image

महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और सुगम यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष चेकिंग अभियान के तहत किया निरीक्षण

कानपुर। शारदीय नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कानपुर पुलिस अलर्ट है। इसी क्रम में 13 अक्टूबर 2026 को पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने थाना बिठूर क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

पश्चिम जोन में संचालित विशेष चेकिंग अभियान के तहत किए गए निरीक्षण के दौरान डीसीपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की सतर्कता एवं मुस्तैदी परखी। उन्होंने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीसीपी पश्चिम ने महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने, भीड़ को नियंत्रित रखने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। साथ ही आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने पुलिसकर्मियों को पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए पुलिस की सक्रियता और निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि धार्मिक आयोजनों में आने वाले लोगों को सुरक्षित माहौल मिल सके और कानून-व्यवस्था बनी रहे।