पीड़ितों की शिकायतों को प्राथमिकता से निपटाएं, तकनीकी साक्ष्य जुटाकर आरोपियों पर करें कार्रवाई
कानपुर नगर। साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और लंबित मामलों के समयबद्ध निस्तारण को लेकर पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने सख्ती दिखाई। गुरुवार, 15 अक्टूबर को उन्होंने साइबर थाने में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों का अर्दली रूम लिया। इस दौरान साइबर अपराधों की रोकथाम, लंबित प्रकरणों की समीक्षा और विवेचनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई।
डीसीपी पूर्वी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए। पीड़ितों को राहत दिलाने के लिए त्वरित कदम उठाए जाएं। लंबित मामलों की विवेचना में अनावश्यक देरी न हो और प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने तकनीकी साक्ष्यों के प्रभावी संकलन पर जोर देते हुए कहा कि अभियुक्तों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साइबर अपराधों की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मियों को सतर्कता और तत्परता के साथ काम करने के निर्देश दिए गए।
डीसीपी ने कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने के साथ जनशिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि साइबर अपराधों की रोकथाम और पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है।

