थमने का नाम नहीं ले रहा छात्र व शिक्षक विवाद
टीम पुलिस प्रहरी•7 फ़रवरी 2026

**थमने का नाम नहीं ले रहा शिक्षक–छात्र विवाद*
*थाने के अंदर छात्रों का हंगामा, पुलिस ने खदेड़कर स्थिति संभाली*
कानपुर:-बिठूर थाना क्षेत्र के मंधना स्थित महाराणा प्रताप इंजीनियरिंग कॉलेज में बीते बुधवार को शिक्षकों द्वारा छात्रों के साथ की गई मारपीट का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। विवाद इतना बढ़ गया कि शनिवार को यह मामला थाने तक जा पहुँचा, जहाँ छात्रों ने जमकर हंगामा किया।जानकारी के अनुसार,कॉलेज के कुछ छात्र व छात्र संघ के नेता अभिजीत राय से मिलने के लिए विश्वविद्यालय के पीछे मकड़ीखेड़ा के पास स्थित मैगी पॉइंट पर चाय पी रहे थे।उसी दौरान छात्रों के साथ मारपीट के आरोपी शिक्षक अनिल पाठक, पंकज और सुभाष मौर्य दो गाड़ियों से एसीपी कार्यालय पहुँचे।एसीपी कार्यालय से बाहर निकलने पर छात्रों और शिक्षकों के बीच धक्का-मुक्की हो गई।इसी दौरान सुभाष मौर्य अपनी गाड़ी तक पहुँचने से पहले गिर पड़े,जिसके बाद छात्रों द्वारा उनके साथ मारपीट किए जाने का आरोप है।सुभाष मौर्य ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।मौके पर पहुँची पुलिस ने छात्र संघ नेता अभिजीत राय और अनस साहू को हिरासत में लेकर बिठूर थाने ले गई।इसके बाद सैकड़ों की संख्या में छात्र और छात्र संघ के कार्यकर्ता थाने पहुँच गए और उग्र प्रदर्शन शुरू कर दिया।स्थिति बिगड़ती देख थाना प्रभारी संतोष सिंह ने उच्चाधिकारियों को सूचना दी।इसके बाद एडीसीपी एलआईयू महेश कुमार और एसीपी पनकी के साथ बिठूर,चौबेपुर समेत चार थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुँची।एडीसीपी महेश कुमार ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र नहीं माने और हंगामा करते रहे। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को खदेड़ दिया, जिससे वे तितर-बितर हो गए।हालांकि कुछ देर बाद छात्र फिर संगठित होकर थाने के बाहर नारेबाजी करने लगे,जिन्हें छात्र संघ के पदाधिकारियों ने समझाकर शांत कराया।
*क्या था पूरा मामला*
बीते बुधवार को महाराणा प्रताप इंजीनियरिंग कॉलेज के कुछ छात्र निर्धारित समय से कुछ मिनट देरी से कॉलेज गेट पर पहुँचे थे,जिस कारण मुख्य गेट बंद मिला।लगभग 10 मिनट बाद गेट खोला गया। इसके बाद छात्र एन-ब्लॉक की ओर पहुँचे, जहाँ गेट बंद होने पर कुछ बाइक सवार छात्रों ने हॉर्न बजाकर गेट खुलवाने का प्रयास किया।गेटमैन ने इसे बदसलूकी बताते हुए एन-ब्लॉक में मौजूद शिक्षक अनिल पाठक,पंकज और सुभाष मौर्य को सूचना दी।आरोप है कि शिक्षकों ने मौके पर पहुँचकर छात्रों की बाइक कैंपस पार्किंग में खड़ी करवाई और डांट-फटकार के दौरान मारपीट शुरू कर दी। इस घटना में तीन छात्र और एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गए।इसके बाद कॉलेज में पढ़ने वाले सभी छात्र-छात्राएं कक्षाओं से बाहर निकल आए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर बिठूर पुलिस मौके पर पहुँची और उच्चाधिकारियों को अवगत कराया।
डीसीपी पश्चिम,एडीसीपी,एसीपी सहित कई थानों की पुलिस फोर्स और एक पीएसी वाहन कॉलेज पहुँचा।डीसीपी पश्चिम ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे।बाद में एडीसीपी ने कॉलेज प्रबंधन से बातचीत कर छात्रों की मांगों की संस्तुति कराई। इसी बीच छात्र संघ बहाली मोर्चा के अभिजीत राय समेत अन्य पदाधिकारी भी कॉलेज पहुँचे, जिसके बाद फिर से प्रदर्शन तेज हो गया।मामले में मारपीट के आरोपी शिक्षकों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। इसके बाद छात्रों का आक्रोश कुछ शांत हुआ और कॉलेज को रविवार तक बंद कर दिया गया है।
"डीसीपी पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने बताया कि छात्र संघ नेता अभिजीत राय और अनस साहू मकड़ीखेड़ा स्थित मैगी पॉइंट पर चाय पी रहे थे। इसी दौरान सुभाष मौर्य, कौशल मौर्य, अभय अवस्थी और अनिल पाठक समेत कई लोग वहाँ पहुँचे, जहाँ दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। सुभाष मौर्य की ओर से मारपीट की तहरीर दी गई है।तहरीर के आधार पर छात्र नेता अभिजीत राय, अनस साहू समेत चार नामजद और 29 अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।"