अवैध निर्माण में kda की बड़ी कार्यवाही, 800 वर्ग मीटर क्षेत्र सील

अवैध निर्माण पर केडीए की बड़ी कार्रवाई, 800 वर्गमीटर क्षेत्र सील
कानपुर, 31 मार्च 2026।
कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने अवैध एवं अनाधिकृत निर्माण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को प्रवर्तन जोन-1बी के तहत बड़ी कार्रवाई की। उपाध्यक्ष मदन सिंह गब्र्याल और सचिव अभय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में विशेष कार्याधिकारी/उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में करीब 800 वर्गमीटर क्षेत्र में सीलिंग की कार्रवाई की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उन्नाव के नेहरू बाग गेट नंबर-3 मगरवारा क्षेत्र में मो. शाहबुद्दीन, मो. एहतिशाम व अन्य द्वारा लगभग 700 वर्गमीटर में आरसीसी कॉलम पर किए गए अवैध निर्माण को सील कर दिया गया। वहीं, कानपुर के सिंहपुर बाजार के पीछे प्लॉट संख्या-183 के सामने जितेंद्र सिंह व अन्य द्वारा करीब 250 वर्गमीटर क्षेत्र में जी+4 मंजिल निर्माण को भी प्राधिकरण ने सील कर दिया। दोनों ही मामलों में बिना मानचित्र स्वीकृति के निर्माण किया जा रहा था।
केडीए अधिकारियों ने बताया कि सील किए गए परिसरों को थाना बिठूर व उन्नाव पुलिस की अभिरक्षा में सौंपने की प्रक्रिया जारी है। कार्रवाई के दौरान अवर अभियंता हिमांशु बर्नवाल, सुपरवाइजर राम औतार, मनोज कुमार, राज कुमार, लाल सिंह समेत संबंधित थानों का पुलिस बल मौजूद रहा।
डॉ. रवि प्रताप सिंह ने बताया कि शुक्लागंज-उन्नाव क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग और व्यावसायिक निर्माणों का सर्वे कराया गया है, जिसके आधार पर उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 की धारा 27 व 28 के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इसके अलावा ग्राम गम्भीरपुर कछार में अवैध रूप से विकसित की जा रही पांच प्लाटिंग चिन्हित की गई हैं, जिन पर 4 अप्रैल 2026 को ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई प्रस्तावित है।
केडीए ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे केवल प्राधिकरण से स्वीकृत कॉलोनियों में ही प्लॉट खरीदें और खरीद से पहले नक्शा व ले-आउट की जांच अवश्य कर लें। प्राधिकरण ने यह भी स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Share this story