डी पी एस किदवई नगर में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित

डीपीएस किदवई नगर में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित
कानपुर। दिल्ली पब्लिक स्कूल, किदवई नगर में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षिक एवं सह-पाठ्यक्रम उपलब्धियों को सम्मानित करना रहा।
समारोह का शुभारंभ प्रो वाइस चेयरपर्सन वंदना मिश्रा एवं मुख्य अतिथि पंडित विनोद कुमार द्विवेदी (प्रसिद्ध ध्रुपद-धमार गायक एवं संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित कलाकार) द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। विद्यालय की हेडमिस्ट्रेस अलका जोशी ने मुख्य अतिथियों एवं अभिभावकों का स्वागत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों की मनमोहक नृत्य एवं सुमधुर संगीत प्रस्तुतियों से हुई, जिसने पूरे वातावरण को उत्साह और उल्लास से भर दिया। इसके पश्चात विशेष सभा (असेंबली) का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। रिपोर्ट में सत्र 2025-26 के दौरान विद्यार्थियों की शैक्षिक उपलब्धियों, विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन तथा विद्यालय की विविध गतिविधियों का उल्लेख किया गया।
इस अवसर पर छोटे बच्चों द्वारा प्रस्तुत कविता पाठ विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। समारोह में विद्यार्थियों को विभिन्न श्रेणियों—एप्लीकेशन, जनरल प्रोफिशिएंसी, ऑल-राउंड गुड परफॉर्मेंस, कंसिस्टेंसी, जनरल इम्प्रूवमेंट, गुड स्पोकन इंग्लिश एवं पूर्ण उपस्थिति—में पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही कला, संगीत, नृत्य, खेलकूद एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि पंडित विनोद कुमार द्विवेदी ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में विद्यार्थियों को निरंतर प्रयास, अनुशासन एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ने की सीख दी। प्रो वाइस चेयरपर्सन वंदना मिश्रा ने भी विद्यार्थियों को धैर्य एवं दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर रहने के लिए प्रेरित किया।
Share this story