रिपोर्टर: अनुज तिवारी

PAC मोड़ से प्रताप होटल और आरामशीन तक जाम की मार, गलत दिशा से घुसते वाहन बने बड़ी वजह

कानपुर। बुधवार को हुई तेज बारिश के चलते शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई। बारिश थमने के बाद जैसे ही सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ा, शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था चरमरा गई। जगह-जगह लगे जाम ने राहगीरों और वाहन चालकों की परेशानी बढ़ा दी।

PAC मोड़ के आसपास स्थिति सबसे ज्यादा बिगड़ी नजर आई। यहां बेतरतीब तरीके से वाहनों के प्रवेश और गलत दिशा से आने-जाने वाले वाहनों के कारण यातायात का दबाव बढ़ता गया और देखते ही देखते भीषण जाम की स्थिति बन गई। प्रताप होटल, आरामशीन समेत आसपास के इलाकों में भी यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।

स्थानीय स्तर पर यह भी देखने को मिलता है कि रॉन्ग साइड से वाहन निकालने की कोशिश अक्सर मुख्य मार्ग के यातायात को बाधित कर देती है। एक वाहन गलत दिशा में प्रवेश करता है तो उसके पीछे दूसरे वाहन भी उसी रास्ते से निकलने लगते हैं, जिससे जाम और अधिक विकराल हो जाता है।

पुलिस की मौजूदगी पर उठे सवाल

जाम के दौरान कई स्थानों पर यातायात को व्यवस्थित करने के लिए प्रभावी पुलिस व्यवस्था नजर नहीं आने से वाहन चालक अपनी सुविधा के अनुसार रास्ता बनाते दिखाई दिए। ऐसे में सवाल उठता है कि जिन स्थानों पर रोजाना गलत दिशा से वाहन आने की समस्या सामने आती है, वहां यातायात पुलिस की प्रभावी निगरानी क्यों नहीं दिखाई देती?

बारिश के बाद शहर में यातायात का दबाव बढ़ना स्वाभाविक है, लेकिन प्रमुख जाम प्वाइंटों पर पहले से यातायात प्रबंधन और पुलिसकर्मियों की तैनाती हो तो हालात को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।

कानपुर में बारिश के बाद जलभराव के साथ-साथ यातायात जाम ने एक बार फिर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था के सामने चुनौती खड़ी कर दी है। जरूरत है कि रॉन्ग साइड और बेतरतीब वाहन संचालन पर सख्ती के साथ प्रमुख जाम प्वाइंटों पर प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू किया जाए, ताकि बारिश के बाद शहर की रफ्तार पूरी तरह न थमे।