कानपुर। गणेश प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने थाना गुजैनी क्षेत्र के पुलिस चौकी तात्या टोपे नगर अंतर्गत पनकी नहरिया स्थित गणेश प्रतिमा विसर्जन स्थल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीसीपी दक्षिण ने मौके पर मौजूद सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, आवागमन, बैरिकेडिंग सहित अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया।

पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि विसर्जन के दौरान पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करें और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न होने दें। साथ ही भीड़ को नियंत्रित करने तथा श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान श्रद्धालुओं एवं आयोजकों से भी संवाद कर शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में गणेश प्रतिमा विसर्जन संपन्न कराने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई। पुलिस बल को लगातार निगरानी और गश्त करते हुए शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।