कानपुर। बुढ़वा मंगल पर्व के मद्देनजर पनकी मंदिर में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार, 21 सितंबर 2026 को पुलिस उपायुक्त पश्चिम श्री एस.एम. कासिम आबिदी ने थाना पनकी क्षेत्र स्थित पनकी मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था संबंधी बैठक में प्रतिभाग किया।

बैठक में 22 सितंबर को बुढ़वा मंगल पर्व के अवसर पर मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था तथा आपातकालीन व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

पुलिस उपायुक्त पश्चिम ने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान मंदिर परिसर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और कवरेज भी जांची गई।

ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ब्रीफ करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि सभी पुलिसकर्मी अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर पूरी सतर्कता के साथ तैनात रहें। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए भीड़ का सुचारु प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई के लिए भी निर्देशित किया गया। इसके साथ ही पुलिस उपायुक्त ने स्थानीय लोगों, मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

इस दौरान पश्चिम जोन के समस्त सहायक पुलिस आयुक्त एवं संबंधित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।