प्रमुख मार्गों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की सक्रियता पर जोर, आमजन से संवाद कर सुरक्षा का लिया फीडबैक

कानपुर। शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने थाना बाबूपुरवा क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने चौकी चार राड़ के आसपास प्रमुख मार्गों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों का निरीक्षण करते हुए पुलिस की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित की।

पैदल गश्त के दौरान पुलिस उपायुक्त दक्षिण ने स्थानीय दुकानदारों और आमजन से संवाद किया तथा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा व्यक्ति की जानकारी तत्काल पुलिस को दी जाए।

गश्त के दौरान संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को क्षेत्र में लगातार सतर्क रहने, नियमित पैदल गश्त करने तथा संवेदनशील स्थानों पर प्रभावी निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।