
बिना लेआउट और मूलभूत सुविधाओं के बेचे जा रहे थे प्लॉट, ध्वस्तीकरण की कार्रवाई
कानपुर। सचेंडी थाना क्षेत्र के रामपुर खास गांव में बुधवार को केडीए ने करीब आठ बीघा क्षेत्रफल में की जा रही अवैध प्लाटिंग के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। प्लाटिंग के लिए न तो प्राधिकरण से लेआउट स्वीकृत कराया गया था और न ही सीवर, नाली, बिजली व पार्क जैसी मूलभूत सुविधाएं विकसित की गई थीं।
केडीए उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने विशेष कार्याधिकारी सत शुक्ला के नेतृत्व में कार्रवाई की। अधिकारियों के मुताबिक उक्त प्लाटिंग प्रस्तावित ग्रेटर कानपुर योजना क्षेत्र में की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया गया।
केडीए ने प्रस्तावित ग्रेटर कानपुर योजना क्षेत्र में अन्य अवैध प्लाटिंग भी चिह्नित की है। अधिकारियों के अनुसार इनके खिलाफ भी चरणबद्ध तरीके से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। करीब 3000 एकड़ में प्रस्तावित ग्रेटर कानपुर योजना में बहरामपुर, गढ़ी इटरा, कैन्धा, रामपुर भीमसेन, रामपुर खास और सोना गांव शामिल हैं।
कार्रवाई के दौरान अवर अभियंता संतोष कुमार गौड़, केडीए प्रवर्तन दल, पूर्व सैनिक बल और सचेंडी पुलिस मौजूद रही। जोन-3 में चिह्नित अन्य अवैध निर्माण और प्लाटिंग के खिलाफ भी कार्रवाई जारी रखने की बात केडीए अधिकारियों ने कही।

