कानपुर विकास प्राधिकरण ने विशेष कार्यवाही अभियान के तहत करीब 3000 वर्गमीटर भूमि को कराया अतिक्रमण मुक्त

कानपुर। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) की ओर से अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष कार्यवाही अभियान के तहत बर्रा क्षेत्र में कार्रवाई की गई। उपाध्यक्ष एवं सचिव के निर्देश पर जोन-3 के विशेष कार्याधिकारी प्रवर्तन तथा जोन-4 के भूमि बैंक प्रभारी अधिकारी के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया।

केडीए की प्रेस नोट के अनुसार बर्रा गांव/योजना क्षेत्र में आराजी संख्या 314 एवं 316, लगभग 3000 वर्गमीटर भूमि, जो कानपुर विकास प्राधिकरण के स्वामित्व की बताई गई है, पर अवैध कब्जे की शिकायत सामने आई थी। यहां बाउंड्रीवाल का निर्माण करते हुए एक कमरा भी बनाया गया था।

19 सितंबर 2026 को नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उक्त अवैध निर्माण एवं अतिक्रमण को ध्वस्त कर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

पुलिस बल भी रहा मौजूद

कार्रवाई के दौरान भूमि बैंक के अमीनों के साथ थाना बर्रा का पुलिस बल भी मौजूद रहा। केडीए अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कब्जेदारों को चेतावनी दी कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।

दोबारा कब्जा रोकने के लिए भी होगी कार्रवाई

केडीए के भूमि बैंक जोन-4 की प्रभारी अधिकारी डॉ. अर्चना शर्मा के अनुसार अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि को सुरक्षित रखने के लिए प्री-कास्ट बाउंड्री कराए जाने की कार्रवाई भी की जा रही है, ताकि भविष्य में दोबारा अवैध कब्जा न हो सके।

प्राधिकरण ने आमजन से भी अपील की है कि अवैध निर्माण अथवा अतिक्रमण स्वयं हटा लें, अन्यथा नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ध्वस्तीकरण में हुए खर्च की वसूली संबंधित व्यक्तियों से भू-राजस्व की भांति किए जाने की बात कही गई है।

केडीए ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण के खिलाफ इस प्रकार का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।