विनगवां में तीन आराजियों पर अवैध निर्माण हटाए, दोबारा कब्जे पर मुकदमे की चेतावनी
कानपुर। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विनगवां में तीन आराजियों की भूमि को कब्जामुक्त कराया। तहसीलदार डॉ. अर्चना शर्मा के नेतृत्व में 24 अक्टूबर को की गई इस कार्रवाई में आराजी संख्या 268, 729 और 737 पर हुए अवैध निर्माण हटाए गए।
केडीए के प्रेस नोट के मुताबिक, संबंधित भूमि का कुल क्षेत्रफल लगभग 3,000 वर्गमीटर और अनुमानित मूल्य 3 करोड़ 60 लाख रुपये है। प्राधिकरण के अनुसार, भूमि पर बाउंड्रीवाल और कमरे सहित अवैध निर्माण किए गए थे।
कार्रवाई के दौरान भूमि बैंक के अमीन, लेखपाल और थाना सेन पश्चिम पारा की पुलिस मौजूद रही। प्राधिकरण ने संबंधित लोगों को चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण करने पर नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
केडीए ने आमजन से अवैध निर्माण और अतिक्रमण स्वयं हटाने की अपील की है। ऐसा नहीं करने पर नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के साथ खर्च की वसूली भी की जा सकती है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

