Article Image

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिल्हौर-बिठूर विधानसभा क्षेत्रों में किया लोकार्पण-शिलान्यास, दीपावली पर उज्ज्वला लाभार्थियों को मिलेगा मुफ्त गैस सिलेंडर

कानपुर नगर, 26 अक्टूबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कानपुर नगर के बिल्हौर और बिठूर विधानसभा क्षेत्रों में 411 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 48 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने बिठूर की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करने के साथ क्षेत्र में पर्यटन, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार विरासत के सम्मान, विकास और गरीब कल्याण के संकल्प के साथ काम कर रही है।

महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने महर्षि वाल्मीकि और नाना साहब की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित किए। उन्होंने वाल्मीकि रामायण पाठ में सहभागिता की तथा सीता कुटिया और प्राचीन शिव मंदिर में दर्शन-पूजन किया। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित करने के साथ विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

रामायण सर्किट से बढ़ेगी बिठूर की पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिठूर महर्षि वाल्मीकि की तपोभूमि और माता सीता तथा लव-कुश से जुड़ी पावन धरती है। इसका महत्व धार्मिक होने के साथ ऐतिहासिक भी है। यह क्षेत्र नाना साहब पेशवा और तात्या टोपे जैसे स्वतंत्रता संग्राम के नायकों की स्मृतियों को संजोए हुए है। सरकार घाटों के निर्माण एवं पुनरुद्धार, वाल्मीकि आश्रम के सुंदरीकरण और ऐतिहासिक स्थलों के विकास के जरिए बिठूर को नई पहचान दे रही है। रामायण सर्किट, बिठूर महोत्सव, होमस्टे और हस्तशिल्प को बढ़ावा देकर पर्यटन तथा रोजगार के अवसर बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

कानपुर को मिलीं नई कनेक्टिविटी सुविधाएं

योगी ने कहा कि कानपुर में मेट्रो रेल की सुविधा उपलब्ध है। हवाई अड्डे की सुविधा को आगे बढ़ाया गया है। कानपुर को लखनऊ से जोड़ने वाले नए एक्सप्रेस-वे, गंगा नदी पर ट्रांस गंगा क्षेत्र में नए पुल और कानपुर बाईपास से जुड़ी परियोजनाओं पर भी काम आगे बढ़ाया जा रहा है। इन विकास कार्यों से क्षेत्र की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।

दीपावली पर मिलेगा मुफ्त गैस सिलेंडर

मुख्यमंत्री ने गरीब कल्याण योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत करीब 16 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन, प्रधानमंत्री आवास योजना में लगभग 65 लाख परिवारों को आवास तथा उज्ज्वला योजना में करीब दो करोड़ लाभार्थियों को गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने घोषणा की कि दीपावली पर उज्ज्वला योजना के पात्र लाभार्थियों को फिर एक-एक निःशुल्क गैस सिलेंडर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत पांच लाख से अधिक बेटियों के विवाह कराए जाने और छात्रवृत्ति योजनाओं से लाखों विद्यार्थियों को लाभ मिलने की जानकारी भी दी।

कर्म और आत्मपरिवर्तन की प्रेरणा देते हैं महर्षि वाल्मीकि

मुख्यमंत्री ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन सिखाता है कि व्यक्ति अपने कर्मों से महान बनता है। रत्नाकर से महर्षि वाल्मीकि बनने की यात्रा आत्मपरिवर्तन, साधना और दृढ़ संकल्प का उदाहरण है। रामायण केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि पारिवारिक दायित्व, सामाजिक सद्भाव, मर्यादा और लोककल्याण की प्रेरणा देने वाला महाकाव्य है। उन्होंने कहा कि विरासत का सम्मान केवल स्मारकों के निर्माण तक सीमित नहीं, बल्कि महापुरुषों के विचारों को जीवन में उतारना भी आवश्यक है।

कार्यक्रम में खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान, महिला कल्याण राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला, सांसद रमेश अवस्थी, विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक, अविनाश सिंह चौहान और मानवेन्द्र सिंह, महापौर प्रमिला पाण्डेय तथा विधायक अभिजीत सिंह सांगा, मोहित सोनकर, नीलिमा कटियार और महेश त्रिवेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।