कानपुर। नौबस्ता बंबा स्थित कानपुर डिफेंस फिजिकल एकेडमी (KDPA) में आयोजित 1600 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में विभिन्न जनपदों से पहुंचे युवाओं ने अपनी रफ्तार और सहनशक्ति का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबले में लखनऊ के अनुपम ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि एकेडमी के सूर्या दूसरे स्थान पर रहे। दोनों धावकों के शानदार प्रदर्शन से एकेडमी का गौरव बढ़ा।

प्रतियोगिता में कानपुर के अलावा लखनऊ, हरदोई, भदोही, सुल्तानपुर, प्रयागराज और इटावा सहित कई जनपदों के धावकों ने हिस्सा लिया। प्रथम स्थान के लिए अनुपम और सूर्या के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। अंतिम दौर तक चली प्रतिस्पर्धा में अनुपम ने बाजी मार ली। खास बात यह रही कि अनुपम भी KDPA परिवार से जुड़े हैं।

प्रतियोगिता में लखनऊ के सौरभ तीसरे, भदोही के चंदन यादव चौथे और इटावा के मोहित पांचवें स्थान पर रहे। राकेश यादव छठे, शिव कुमार सातवें, आदित्य चौधरी आठवें, साहिल यादव नौवें और हरदोई के सूरज पाल दसवें स्थान पर रहे।

कार्यक्रम में अनवी हॉस्पिटल के डॉ. राजेश उत्तम और डॉ. मोहम्मद एहसान विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अर्थ एकेडमी, बर्रा के निदेशक रोहित प्रताप सिंह ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। अतिथियों ने युवाओं के अनुशासन, मेहनत और खेल भावना की सराहना की।

प्रतियोगिता का आयोजन KDPA के एकेडमिक डायरेक्टर सौरभ शुक्ला की अध्यक्षता में हुआ। कोच आदित्य सर और एकेडमी के स्टाफ ने आयोजन में सहयोग किया। एकेडमी प्रबंधन के अनुसार, ऐसी प्रतियोगिताओं का उद्देश्य युवाओं में शारीरिक क्षमता, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण बढ़ाने के साथ उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देना है।