कानपुर नगर, 14 मई 2026।
आज प्रातः 7 बजे सर्किट हाउस कानपुर से एक भावनात्मक और प्रेरणादायी पहल के तहत मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जैन ने अंध विद्यालय नेहरू नगर, कानपुर के 70 दृष्टिबाधित दिव्यांग बच्चों, 10 सहयोगी स्टाफ, चिकित्सक दल एवं पुलिस बल के साथ दो वातानुकूलित बसों को हरी झंडी दिखाकर इलाहाबाद संग्रहालय प्रयागराज के लिए रवाना किया।
यह विशेष शैक्षणिक भ्रमण दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की राज्य निधि योजना के अंतर्गत आयोजित किया गया है, जिसमें प्रयागराज स्थित इलाहाबाद संग्रहालय में 04 मई से 30 मई 2026 तक भारत के विश्व प्रसिद्ध स्मारकों एवं भारतीय वन्यजीवों की त्रिआयामी प्रतिरूप प्रदर्शनी लगाई गई है। इस पहल का उद्देश्य दृष्टिबाधित बच्चों को स्पर्श एवं अनुभूति के माध्यम से देश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों से परिचित कराना है।
कार्यक्रम के अंतर्गत कानपुर मंडल के बच्चों को संग्रहालय में प्रदर्शित गेटवे ऑफ इंडिया, गोल्डन टेम्पल, कुतुब मीनार, विवेकानंद रॉक मेमोरियल, ताजमहल, काशी विश्वनाथ मंदिर, हवा महल सहित कई विश्व प्रसिद्ध स्मारकों के त्रिआयामी मॉडल का अनुभव कराया जाएगा। कक्षा 6 एवं उससे ऊपर के दृष्टिबाधित छात्र इन प्रतिरूपों को स्पर्श कर उनकी संरचना और महत्व को समझ सकेंगे।
प्रदर्शनी में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए दिव्यांग बच्चों के लिए खेल प्रतियोगिताएं, ज्ञानवर्धक चलचित्र एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया है, जिससे बच्चों को शिक्षा के साथ मनोरंजन और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर प्राप्त होगा।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जैन ने बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे प्रयास दिव्यांग बच्चों के भीतर नई ऊर्जा, आत्मबल और सीखने की प्रेरणा जगाते हैं। यह भ्रमण उनके लिए केवल यात्रा नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक विरासत को महसूस करने का एक अनूठा अनुभव बनेगा।