Article Image

जम्मू-कश्मीर की पेपर मेसी से छत्तीसगढ़ के डोकरा शिल्प तक सजा हुनर का संसार, आगरा विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने भी लगाई प्रदर्शनी

आगरा। क्वीन एम्प्रेस मैरी लाइब्रेरी, सदर बाजार में इन दिनों देशभर की हस्तशिल्प परंपराओं और लोक संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार के हैंडीक्राफ्ट विभाग के प्रायोजन तथा कलम एक स्वैच्छिक संस्था, कानपुर के आयोजन में 16 से 22 सितंबर तक चल रहे गांधी शिल्प बाजार में देश के विभिन्न राज्यों से आए शिल्पकार अपनी कला और हुनर का प्रदर्शन कर रहे हैं।

बाजार का शुभारंभ 16 सितंबर को डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा की कुलपति प्रो. आशु रानी ने किया था। रविवार को गौसेवा आयोग के उपाध्यक्ष रमाकांत उपाध्याय ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

हर राज्य की अपनी पहचान, एक ही छत के नीचे

गांधी शिल्प बाजार में जम्मू-कश्मीर की प्रसिद्ध पेपर मेसी क्राफ्ट, जोधपुर का आयरन क्राफ्ट, मथुरा की ठाकुरजी की आकर्षक पोशाकें, असम का केन एंड बैंबू क्राफ्ट, भदोही की शानदार कालीन तथा छत्तीसगढ़ का पारंपरिक डोकरा शिल्प लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

खास बात यह है कि आगरा विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं ने भी अपने हस्तशिल्प उत्पादों के स्टॉल लगाए हैं। विद्यार्थियों की रचनात्मकता और पारंपरिक कला के प्रति उनकी रुचि बाजार को अलग पहचान दे रही है।

लोक कलाकार शिवा अवस्थी की प्रस्तुति ने जीता दिल

गांधी शिल्प बाजार में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में अंतरराष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित एवं उपराष्ट्रपति द्वारा सम्मानित लोक कलाकार शिवा अवस्थी, कानपुर ने अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुति के दौरान दर्शकों ने उत्साहपूर्वक तालियां बजाकर कलाकार का उत्साह बढ़ाया।

वहीं अंतरराष्ट्रीय आल्हा गायक एवं टीवी कलाकार संग्राम सिंह, कन्नौज ने भी अपनी दमदार प्रस्तुति से कार्यक्रम में लोक संस्कृति के रंग भर दिए। आगरा विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम में शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।

कलाकारों का हुआ सम्मान

कार्यक्रम के दौरान कलम संस्था के सचिव डॉ. विपिन शुक्ला और उपाध्यक्ष डॉ. सारिका त्रिवेदी ने देश के विभिन्न हिस्सों से आए कलाकारों को अंगवस्त्र एवं गोमय गोपाल भेंट कर सम्मानित किया।

आयोजकों ने आगरा के लोगों से गांधी शिल्प बाजार में पहुंचकर देशभर से आए शिल्पकारों की कला को देखने, कलाकारों का उत्साह बढ़ाने और भारतीय हस्तशिल्प परंपरा को प्रोत्साहित करने की अपील की है।

गांधी शिल्प बाजार 22 सितंबर तक क्वीन एम्प्रेस मैरी लाइब्रेरी, सदर बाजार में आयोजित किया जा रहा है।