जनगणना 2027: अब घर बैठे करें स्वा गणना प्रक्रिया होगी पूरी तरह डिजिटल

🟢 जनगणना 2027: अब घर बैठे करें स्व-गणना, प्रक्रिया होगी पूरी तरह डिजिटल
कानपुर नगर।
जनगणना 2027 में पहली बार नागरिकों को स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने की सुविधा दी गई है। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि 7 मई से 21 मई तक लोग घर बैठे स्व-गणना कर सकेंगे।
इसके बाद 22 मई से 20 जून 2026 तक प्रगणक घर-घर जाकर मकान सूचीकरण और सत्यापन का कार्य करेंगे। यह जनगणना देश की 16वीं और आजादी के बाद आठवीं जनगणना होगी।
इस बार पूरी प्रक्रिया डिजिटल होगी। नागरिक Census Self Enumeration पोर्टल पर जाकर मोबाइल नंबर और OTP के माध्यम से पंजीकरण कर अपनी और परिवार की जानकारी भर सकते हैं। जानकारी जमा करने के बाद एक 11 अंकों का पंजीकरण नंबर मिलेगा, जिसे प्रगणक को दिखाना होगा।
घर-सूचीकरण के दौरान मकान, सुविधाओं और संसाधनों से जुड़े 33 प्रकार के विवरण भी दर्ज किए जाएंगे।
जिलाधिकारी की अपील:
जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में 7 से 21 मई के बीच स्व-गणना करने और इस अभियान को सफल बनाने की अपील की गई है।
Share this story