*132 मेगावाट से अधिक सौर क्षमता स्थापित, प्रदेश में दूसरे स्थान पर पहुंचा कानपुर; डीएम ने बैंकों और विभागों को दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश*
कानपुर नगर।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत कानपुर नगर ने सौर ऊर्जा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। जनपद में अब तक 37,844 घरों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं, जिससे 132.09 मेगावाट स्थापित सौर क्षमता विकसित हुई है। योजना के माध्यम से हजारों परिवार स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा का लाभ प्राप्त कर रहे हैं, वहीं उनके बिजली खर्च में भी उल्लेखनीय कमी आ रही है।
सोमवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में सोलर संयंत्रों की स्थापना, सब्सिडी वितरण, बैंक ऋण तथा अन्य प्रगति बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद में स्थापित 37,844 सोलर संयंत्रों में से 36,032 लाभार्थियों को सब्सिडी भी जारी की जा चुकी है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से 21 जून तक 10,249 नए सोलर संयंत्र स्थापित किए गए हैं, जो योजना के प्रभावी क्रियान्वयन का प्रमाण हैं। वहीं वर्ष 2026-27 के लिए जनपद को 42,684 संयंत्र स्थापित करने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है।
बैठक में बैंक ऋण संबंधी प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने बैंकों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों के आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा 30 जून तक ऋण स्वीकृति प्रक्रिया में अपेक्षित प्रगति लाई जाए। उन्होंने कहा कि योजना के सफल संचालन के लिए सभी विभागों और बैंकों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा।
जिलाधिकारी ने डिस्कॉम अधिकारियों को स्थापित रूफटॉप सोलर संयंत्रों का सत्यापन निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही लाभार्थियों को समय पर योजना का लाभ उपलब्ध कराने, स्थापना कार्यों में तेजी बनाए रखने तथा गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। जनपद के अधिक से अधिक परिवारों को इस योजना से जोड़ने के लिए सभी संबंधित विभाग पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, परियोजना अधिकारी नेडा राकेश पाण्डेय, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि, डिस्कॉम अधिकारी एवं वेंडर उपस्थित रहे।