कानपुर नगर। पुलिस आयुक्त अखिल कुमार की अध्यक्षता में कमिश्नरेट कानपुर नगर में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण तथा आगामी बकरीद पर्व की सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में पुलिस आयुक्त ने अवैध शस्त्र, मादक पदार्थों के कारोबार तथा सक्रिय अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण कर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने तथा पारदर्शी पुलिसिंग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए प्रतिबंध पोर्टल और पुलिसिंग एप्स के अधिक उपयोग पर बल दिया गया।
आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न कराने के लिए सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था, साफ-सफाई और संवेदनशील स्थानों की निगरानी को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कमिश्नरेट कानपुर नगर में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी संपन्न


Share this story