कानपुर नगर, 04 मई 2026।
पश्चिम बंगाल, असम एवं पुडुचेरी में हुए विधानसभा निर्वाचन 2026 की मतगणना में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों की भारी बहुमत से जीत और सरकार गठन की खबर मिलते ही कानपुर नगर में उत्साह का माहौल बन गया। इसी क्रम में नगर निगम मुख्यालय में मा० महापौर जी के नेतृत्व में भव्य जश्न का आयोजन किया गया, जिसमें पार्षदों एवं कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
नगर निगम परिसर में ढोल-नगाड़ों की थाप पर जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने जमकर खुशी मनाई। इस दौरान पटाखे फोड़कर जीत का इजहार किया गया और पारंपरिक अंदाज में झालमुड़ी बांटकर लोगों को बधाई दी गई। उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर इस ऐतिहासिक जीत का स्वागत किया।
इस अवसर पर मा० महापौर जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल जैसे बड़े राज्य में भाजपा की सरकार बनना देश के यशस्वी प्रधानमंत्री , गृह मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और करोड़ों समर्पित कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह जीत सुशासन, विकास और जनता के विश्वास की जीत है, जो आने वाले समय में देश को नई दिशा देगी।
महापौर ने आगे कहा कि जनता ने एक बार फिर से भाजपा की नीतियों और कार्यशैली पर भरोसा जताया है। यह विजय केवल तीन राज्यों की नहीं, बल्कि पूरे देश में सकारात्मक राजनीति और विकास की विचारधारा की जीत है।
कार्यक्रम में भाजपा के जिलाध्यक्ष (उत्तर) अनिल दीक्षित, जिलाध्यक्ष (दक्षिण) शिवराम सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं पार्षद उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से पार्षद पवन पाण्डेय, आनन्द शुक्ला, राम नारायण, सौरभ देव, योगेन्द्र शर्मा, आकर्ष बाजपेयी, नीरज कुरील एवं रमेश हटी ने जश्न में सहभागिता करते हुए जनता को शुभकामनाएं दीं।
पूरे आयोजन के दौरान नगर निगम परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा। कार्यकर्ताओं ने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों के साथ जीत का जश्न मनाया।
यह जश्न न केवल राजनीतिक जीत का प्रतीक रहा, बल्कि कार्यकर्ताओं के उत्साह और एकजुटता का भी परिचायक बना।

