Surya pandey
कानपुर, 30 अप्रैल 2026।
नगर निगम द्वारा शिक्षा और डिजिटल सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। गुरुवार को मा० महापौर जी ने मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना (सीएम-वीएनवाई) के अंतर्गत लगभग 8 करोड़ 6 लाख रुपये की लागत से फूलबाग स्थित गांधी भवन में बनने वाली डिजिटल/ई-लाइब्रेरी का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर मुख्य अभियंता (सिविल) सैय्यद फरीद अख्तर जैदी एवं प्रभारी प्रोजेक्ट आर.के. सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। परियोजना के तहत लाइब्रेरी को आधुनिक तकनीक से सुसज्जित किया जाएगा, जिसमें सिविल और आईटी दोनों प्रकार के कार्य शामिल हैं।
सिविल कार्यों के अंतर्गत 50 लोगों की क्षमता वाला वेटिंग हॉल विकसित किया जाएगा, जिसमें फॉल सीलिंग, फ्लोर टाइलिंग, पार्टिशन, पेंटिंग और अन्य सुधार कार्य किए जाएंगे। वहीं आईटी सुविधाओं के तहत 50 यूजर्स के लिए डेस्कटॉप और फर्नीचर, 20 टैबलेट, लाइब्रेरी मैनेजमेंट सॉफ्टवेयर, डिजिटल नॉलेज पोर्टल, सिंगल सर्च सिस्टम, वाई-फाई, सर्वर और यूपीएस जैसी व्यवस्थाएं स्थापित की जाएंगी।
इसके अलावा, दिव्यांग दृष्टिहीन उपयोगकर्ताओं के लिए विशेष उपकरण, ई-बुक, ई-न्यूजपेपर, ई-मैगजीन, और अन्य ई-रिसोर्सेज की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। गांधी भवन की लगभग 35 हजार पुस्तकों का डिजिटलीकरण और कैटलॉगिंग भी इस योजना का अहम हिस्सा है। साथ ही बारकोड और आरएफआईडी सिस्टम के माध्यम से लाइब्रेरी प्रबंधन को और अधिक स्मार्ट बनाया जाएगा।
महापौर ने अपने संबोधन में कहा कि यह डिजिटल लाइब्रेरी छात्रों, प्रतियोगी परीक्षार्थियों और शोधकर्ताओं के लिए एक अत्याधुनिक अध्ययन केंद्र साबित होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल जनपद में ज्ञान और शिक्षा के प्रसार को नई दिशा देगी।
