जिलाधिकारी की अध्यक्षता में नरवल तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस का हुआ आयोजन

कानपुर नगर।
नरवल तहसील में शनिवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। इस दौरान कुल 108 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से 9 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रकरणों को सात दिन की निर्धारित समयावधि में निपटाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण का निस्तारण समयबद्धता और गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि वह स्वयं इसकी मॉनिटरिंग करेंगे। भूमि विवाद से जुड़े सभी मामलों में सभी पक्षकारों की बात सुनकर संतुष्टिपरक समाधान कराने पर विशेष जोर दिया गया।
समाधान दिवस में प्राप्त प्रार्थना पत्रों में कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया। ग्राम खरौटी की दिव्या को उनके पिता के नाम की घरौनी उपलब्ध कराई गई। ग्राम चिरली निवासी शिवबरन सिंह के आवेदन पर उनके पुत्र व पुत्रवधू के ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र जारी किए गए। ग्राम तिरमा के राकेश का खतौनी में नाम दर्ज कर खतौनी उपलब्ध कराई गई। ग्राम हाथीगांव की रज्जो देवी को घरौनी प्रदान की गई।
ग्राम बांबी भितरी के किशनपाल की बिजली बिल संबंधी शिकायत का मौके पर निस्तारण करते हुए बिल 34,820 रुपये से घटाकर 13,909 रुपये कर दिया गया। अन्य मामलों में खतौनी संशोधन और चकबंदी से जुड़े प्रकरणों का भी समाधान कराया गया, जिससे शिकायतकर्ता संतुष्ट दिखे।
आज प्राप्त प्रकरणों में राजस्व विभाग के सर्वाधिक 47 मामले रहे। इसके अलावा पुलिस के 10, राजस्व एवं पुलिस के संयुक्त 15, विकास के 6, विद्युत के 8, चकबंदी के 5, समाज कल्याण के 6 तथा बैंक के 3 प्रकरण शामिल रहे। शेष प्रकरण अन्य विभागों से संबंधित थे।
समाधान दिवस के दौरान मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी, एसडीएम नरवल विवेक कुमार मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Share this story