कानपुर नगर, 09 मई 2026।

जनपद कानपुर नगर में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत ने एक बार फिर न्याय सुलभता और त्वरित निस्तारण का नया कीर्तिमान स्थापित किया। माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर नगर के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 2,44,068 वादों का निस्तारण कर 12 करोड़ 44 लाख 87 हजार 155 रुपये की धनराशि दिलाई एवं वसूल की गई।

राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत आमजन को सुलभ, त्वरित एवं कम खर्च में न्याय उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम है और सभी का प्रयास होना चाहिए कि अधिक से अधिक वादों का समझौते के आधार पर निस्तारण कराया जाए।

कार्यक्रम में नोडल अधिकारी तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव के निर्देशन में विभिन्न न्यायालयों एवं विभागों द्वारा व्यापक स्तर पर वादों का निस्तारण किया गया।

लोक अदालत में आपराधिक शमनीय वाद, वैवाहिक वाद, सिविल वाद, मोटर दुर्घटना दावा वाद, राजस्व वाद, आरबीट्रेशन वाद सहित बैंक एवं बीमा कंपनियों के प्री-लिटिगेशन वादों का सुलह-समझौते के आधार पर समाधान कराया गया।

विशेष रूप से मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (साउथ) द्वारा 50 वाद, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (नार्थ) द्वारा 46 वाद, प्रधान न्यायाधीश पारिवारिक न्यायालय द्वारा 7 वाद तथा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय द्वारा 38,297 वादों का निस्तारण किया गया। जनपद न्यायालय के न्यायिक अधिकारियों द्वारा कुल 81,987 वादों का निस्तारण करते हुए लगभग 7.97 करोड़ रुपये की धनराशि दिलाई गई, जबकि बैंक एवं टेलीकॉम कंपनियों ने प्री-लिटिगेशन स्तर पर 629 वादों का समाधान कर 4.17 करोड़ रुपये की वसूली की।

इसके अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा 1,61,446 वादों का निस्तारण किया गया, जिससे राष्ट्रीय लोक अदालत आमजन के लिए राहत और विश्वास का बड़ा मंच साबित हुई।

कार्यक्रम में समस्त न्यायिक अधिकारीगण, कानपुर बार एसोसिएशन एवं दि लॉयर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नोडल अधिकारी द्वारा किया गया।