कानपुर। हरिशंकर विद्यार्थी मार्केट व्यापार मंडल की ओर से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दुर्गा पूजा विद्यार्थी मार्केट पार्क में भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाने के बाद उपस्थित व्यापारियों एवं दुकानदारों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। इस दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष सचिन दुआ ने कहा कि आज हम स्वतंत्रता का उत्सव मना पा रहे हैं, क्योंकि हमारे पूर्वजों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। स्वतंत्रता दिवस हमें एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और व्यापारियों का संकल्प है कि ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ व्यापार करते हुए देश के विकास में योगदान दिया जाए।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी मार्केट को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना व्यापार मंडल की प्राथमिकता है। सभी व्यापारियों से एकजुट होकर बाजार और देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया गया।
व्यापार मंडल के महामंत्री विपुल साहा ने कहा कि 15 अगस्त केवल एक तारीख नहीं, बल्कि गर्व और संकल्प का दिन है। हमें संकल्प लेना चाहिए कि अपने बाजार, शहर और देश को भ्रष्टाचार मुक्त एवं विकासशील बनाने में अपनी भूमिका निभाएंगे। व्यापार मंडल व्यापारियों के हितों के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी निरंतर सक्रिय रहेगा। उन्होंने दुकानदारों से अनुशासन और एकता के साथ कार्य करने की अपील की।
कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष अमित बाजपेई, उपाध्यक्ष संजय अरोड़ा, कमल चावला, मंत्री दीपक अरोड़ा, विनोद कनौजिया, मीडिया प्रभारी विक्की साहा, प्रचार मंत्री दीपक अरोड़ा सहित मार्केट के बड़ी संख्या में दुकानदार एवं व्यापारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी को मिठाई वितरित की गई और व्यापारियों ने आपसी भाईचारे एवं देशभक्ति के साथ स्वतंत्रता दिवस का उत्सव मनाया।
पुलिस प्रहरी | policeprahari.com
हरिशंकर विद्यार्थी मार्केट में गूंजा देशभक्ति का जयघोष, व्यापार मंडल ने किया भव्य ध्वजारोहण

Share this story