40करोड़ की जमीन से अवैध कब्जा हटाया, केडीए की बड़ी कार्रवाई

कानपुर नगर। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए इस्पात नगर सेक्टर-आई क्षेत्र में लगभग 8000 वर्ग मीटर भूमि को कब्जा मुक्त कराया। यह भूमि प्राधिकरण द्वारा विकसित भूखंडों पर अवैध रूप से कब्जा कर ली गई थी, जिसे ध्वस्तीकरण अभियान चलाकर खाली कराया गया।
इस कार्रवाई के दौरान मुक्त कराई गई भूमि का बाजार मूल्य करीब 40 करोड़ रुपये आंका गया है। अभियान प्राधिकरण के उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ब्याल के निर्देश पर चलाया गया।
कार्रवाई में सहायक अभियंता नितिन भारद्वाज, अवर अभियंता कैलाश सिंह सहित प्राधिकरण के कर्मचारी और प्रवर्तन दल मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए थाना पनकी के प्रभारी निरीक्षक विनीत सिंह बिष्ट, पीएसी बल और भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा।
केडीए की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया है, वहीं प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
Share this story