बिना मानचित्र स्वीकृति और आधारभूत सुविधाओं के बेचे जा रहे थे प्लॉट, 70 बीघा अवैध प्लाटिंग पर भी जल्द होगी कार्रवाई
कानपुर नगर।
अवैध प्लाटिंग के खिलाफ कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) का अभियान लगातार जारी है। उपाध्यक्ष के निर्देश पर शनिवार को प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने थाना बिधनू क्षेत्र के ग्राम मगरासा-रमईपुर में लगभग 10 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग के विरुद्ध ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।
प्राधिकरण के अनुसार संबंधित भूमि पर बिना मानचित्र स्वीकृत कराए तथा सीवर, नाली, बिजली, पार्क सहित अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाएं विकसित किए बिना भूखंडों का विक्रय किया जा रहा था। इसे विकास प्राधिकरण अधिनियम एवं नियमानुसार अवैध पाए जाने पर बुलडोजर चलाकर प्लाटिंग ध्वस्त कर दी गई।
यह कार्रवाई विशेष कार्याधिकारी सत शुक्ला, अवर अभियंता अमर नाथ यादव एवं प्रवर्तन दल की मौजूदगी में संपन्न हुई।
केडीए ने कहा कि अवैध प्लाटिंग से आम नागरिकों को भविष्य में सड़क, जल निकासी, सीवर, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं के अभाव का सामना करना पड़ता है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अभियान निरंतर जारी रहेगा।
प्राधिकरण ने यह भी बताया कि उसके क्षेत्र में करीब 70 बीघा भूमि पर हो रही अन्य अवैध प्लाटिंग को भी चिन्हित कर संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं। इन मामलों में भी शीघ्र ध्वस्तीकरण एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
केडीए ने आमजन से अपील की है कि किसी भी भूखंड की खरीद से पहले संबंधित मानचित्र स्वीकृति एवं प्राधिकरण की अनुमति की जांच अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कानूनी या आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्या का सामना न करना पड़े।
अवैध प्लाटिंग पर केडीए का शिकंजा : मगरसा -रमईपुर में 10 बीघा भूमि पर चला बुलडोजर


Share this story