कानपुर। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने अवैध निर्माण और प्लाटिंग के खिलाफ सख्त अभियान जारी रखते हुए गुरुवार को जोन-3 क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। केडीए उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक एवं सचिव अभय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर विशेष कार्याधिकारी सत शुक्ला के नेतृत्व में ग्राम बिनगवां में ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया।
केडीए द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, आराजी संख्या-70 एवं 71 सहित ग्राम बिनगवां क्षेत्र में प्रभाकर एवं अन्य लोगों द्वारा लगभग 10 बीघा भूमि पर अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से विकसित प्लॉट, बिजली के खंभे, बाउंड्रीवाल तथा डिमार्केशन को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
अभियान में तीन जेसीबी मशीनों का इस्तेमाल किया गया। मौके पर अवर अभियंता अमरनाथ यादव, केडीए प्रवर्तन दल, पूर्व सैनिक बल तथा थाना सेन पश्चिम पारा का भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
केडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जोन-3 में अन्य अवैध निर्माण और अवैध प्लाटिंग भी चिन्हित की गई हैं, जिनके विरुद्ध आगे भी लगातार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जारी रहेगी।