कानपुर नगर।
नई दिल्ली में प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित नारी शक्ति वंदन सम्मेलन का सोमवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में जनपद की बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर संबोधन सुना और महिला सशक्तिकरण के संकल्प को दोहराया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विधायक नीलिमा कटियार, सरोज कुरील तथा जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह मौजूद रहे। महिलाओं ने टोल-फ्री नंबर 9667173333 पर मिस कॉल देकर नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रति अपना समर्थन दर्ज कराया।
वक्ताओं ने कहा कि इस अधिनियम से संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की लगभग 33% भागीदारी का मार्ग प्रशस्त हुआ है, जिससे निर्णय प्रक्रिया में उनकी भूमिका और मजबूत होगी। साथ ही, महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को समाज के समग्र विकास के लिए आवश्यक बताया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), पंचायती राज विभाग एवं ग्राम पंचायतों से जुड़ी महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रही। अंत में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
