कानपुर नगर, 6 मई।
फोरलेन सेतु के प्रस्तावित भूमि पूजन कार्यक्रम को लेकर शहर में ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह बदलने जा रही है। 8 मई को सुबह 10 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक जरीब चौकी चौराहे और आसपास के प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। यातायात पुलिस ने प्रेस नोट जारी कर इसकी विस्तृत जानकारी दी है।
पुलिस के अनुसार, बर्रा की ओर से आने वाले वाहन जरीब चौकी नहीं जा सकेंगे और उन्हें रामबाग चौराहे से डायवर्ट किया जाएगा। वहीं विजय नगर और गोविंद नगर की दिशा से आने वाले वाहन संगम टॉकीज चौराहे से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
गोल चौराहा और फजलगंज की ओर से आने वाले वाहनों पर भी जरीब चौकी चौराहे पर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे सभी वाहनों को पहले ही वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ दिया जाएगा, जिससे कार्यक्रम के दौरान जाम की स्थिति न बने।
पार्किंग की व्यवस्था
कार्यक्रम स्थल के आसपास पूजा होम लाइट्स और हार्डवेयर दुकानों (घंटाघर रोड) से लेकर संगम टॉकीज चौराहे तक सड़क के दोनों किनारों पर पार्किंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
हेल्पलाइन नंबर जारी
यातायात से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम (9305104340) और ट्रैफिक हेल्पलाइन (9305104387) नंबर जारी किए गए हैं।
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे डायवर्जन प्लान का पालन करें और यात्रा से पहले रूट की जानकारी अवश्य ले लें। साथ ही एम्बुलेंस जैसे आपातकालीन वाहनों को प्राथमिकता देने की भी अपील की गई है।

