106 नामांकित बच्चों में सिर्फ तीन मिले उपस्थित, पांच शिक्षकों में चार अनुपस्थित; बीएसए से स्पष्टीकरण तलब
कानपुर नगर। जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने सोमवार को सदर तहसील क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय लोधवा खेड़ा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की व्यवस्थाओं और शिक्षक-विद्यार्थी उपस्थिति की स्थिति बेहद चिंताजनक मिली। विद्यालय में तैनात पांच शिक्षकों में से चार अनुपस्थित थे, जबकि 106 नामांकित विद्यार्थियों के सापेक्ष मात्र तीन बच्चे विद्यालय में उपस्थित मिले।
विद्यालय में केवल शिक्षामित्र महेश प्रसाद उपस्थित मिले। प्रभारी प्रधानाध्यापक रंजना गुप्ता और शिक्षिका क्षमा श्रीवास्तव आकस्मिक अवकाश पर थीं। साफिया खातून अंसारी बीआरसी में आयोजित प्रशिक्षण में गई थीं, जबकि सबीहा हसन जैदी चिकित्सकीय अवकाश पर थीं।
शिक्षकों की कम उपस्थिति और विद्यालय में पठन-पाठन की स्थिति पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी का वेतन रोकने तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि शिक्षकों के अवकाश अथवा प्रशिक्षण पर होने की स्थिति में भी विद्यालय में शिक्षण कार्य प्रभावित न हो, इसकी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करना खंड शिक्षा अधिकारी की जिम्मेदारी है। एक ही दिन अधिकांश शिक्षकों के विद्यालय में उपस्थित न रहने से पठन-पाठन प्रभावित होना गंभीर विषय है। उन्होंने भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति न होने देने के निर्देश दिए।
106 में सिर्फ 3 बच्चे उपस्थित
विद्यालय में नामांकित 106 विद्यार्थियों में केवल तीन की उपस्थिति पर भी जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने और इस संबंध में जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मध्याह्न भोजन की व्यवस्था की भी जानकारी ली। विद्यालय में निर्धारित मेन्यू के अनुसार बच्चों के लिए रोटी और सब्जी तैयार की जा रही थी।
निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी सदर अनुभव सिंह, तहसीलदार सदर विनय कुमार द्विवेदी सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।

