कानपुर नगर।
मंगलवार को कानपुर के विद्यालयों में उस समय भावुक और प्रेरणादायक माहौल देखने को मिला, जब मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन निरीक्षण के दौरान बच्चों के बीच जमीन पर बैठ गए और उनके साथ मिड डे मील ग्रहण किया। अधिकारी का यह सहज और आत्मीय व्यवहार बच्चों के चेहरे पर मुस्कान ले आया। बच्चों ने भी खुलकर अपने मन की बातें साझा कीं। किसी ने पढ़ाई को अच्छा बताया तो किसी ने स्कूल के भोजन की तारीफ की।
निपुण भारत मिशन के अंतर्गत मुख्य विकास अधिकारी ने उच्च प्राथमिक विद्यालय लोधवा खेड़ा, प्राथमिक विद्यालय कटरी शंकरपुर एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय शंकरपुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने सीधे कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों की शैक्षिक गुणवत्ता को परखा। बच्चों से किताब पढ़वाई गई, ब्लैकबोर्ड पर सवाल हल कराए गए और उनकी भाषा व गणितीय क्षमता का परीक्षण किया गया।
उच्च प्राथमिक विद्यालय शंकरपुर में सीडीओ ने मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और पोषण स्तर की जांच की। बच्चों के साथ भोजन करते हुए उन्होंने उनसे पूछा, “दाल कैसी बनी है? रोज ऐसा ही खाना मिलता है?” बच्चों ने भी मुस्कुराते हुए जवाब दिए। यह आत्मीय दृश्य विद्यालय परिसर में देर तक चर्चा का विषय बना रहा।
निरीक्षण के दौरान छात्र उपस्थिति पंजिका, शिक्षकों की उपस्थिति तथा बच्चों की कापियों का भी गहन अवलोकन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने शिक्षकों को निर्देश दिए कि प्रत्येक बच्चे की प्रगति पर नियमित निगरानी रखी जाए और कापियों की जांच समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाए।
प्राथमिक विद्यालय कटरी शंकरपुर में उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया। विद्यालय परिसर, कक्षाओं और शौचालयों की स्वच्छता को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण मिलना अत्यंत आवश्यक है।
विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, प्रोजेक्टर एवं अन्य डिजिटल शिक्षण माध्यमों के उपयोग का भी जायजा लिया गया। गतिविधि आधारित शिक्षण और टीएलएम के प्रयोग की सराहना करते हुए उन्होंने शिक्षकों से निपुण भारत मिशन के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से लागू करने का आह्वान किया।
इस दौरान बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
बच्चों संग जमीन पर बैठा अफसर... थाली में मिड डे मील, चेहरे पर अपनापन

Share this story
