कौशल से आत्मनिर्भरता की ओर: सीडीटीपी योजना का प्रमाण पत्र वितरण के साथ हुआ सफल समापन

कानपुर नगर, 10 अप्रैल 2026।
भारत सरकार की महत्वाकांक्षी कौशल विकास योजना कम्युनिटी डेवलपमेंट थ्रू पॉलिटेक्निक (सीडीटीपी) का समापन शुक्रवार को राजकीय पॉलिटेक्निक, कानपुर नगर में भव्य रूप से प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके युवाओं को उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
योजना के अंतर्गत कंप्यूटर ऑपरेटर/डाटा एंट्री ऑपरेटर, वेल्डिंग एंड फैब्रिकेशन, मोबाइल रिपेयरिंग तथा हाउस वायरिंग जैसे व्यावसायिक ट्रेडों में प्रशिक्षित दोनों बैचों के अभ्यर्थियों को पाठ्यक्रम पूर्ण होने और सफल मूल्यांकन के बाद संस्थान के सभागार में सम्मानपूर्वक प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के तकनीकी प्रशिक्षण न केवल युवाओं को रोजगार के योग्य बनाते हैं, बल्कि उन्हें स्वरोजगार के अवसर भी प्रदान करते हैं, जिससे वे आत्मनिर्भर बनकर समाज के विकास में योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समन्वयन प्रधानाचार्य मुकेश चंद्र आनंद के मार्गदर्शन में राकेश कुमार, डॉ. मयंक त्रिपाठी, आनंद कुमार यादव एवं हेमा मिश्रा द्वारा किया गया।
इस आयोजन ने एक बार फिर यह सिद्ध किया कि कौशल विकास योजनाएं युवाओं के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
Share this story