: केडीए की बड़ी कार्रवाई: सनीगवां में 1 करोड़ की सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटाया

कानपुर, 15 अप्रैल 2026।
कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) द्वारा अवैध कब्जों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की गई। जोन-4 की टीम ने सनीगवां गांव में ग्राम सभा की तालाब भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटाकर जमीन को मुक्त कराया।
प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, सनीगवां स्थित आराजी संख्या 773, जिसका क्षेत्रफल लगभग 0.051 हेक्टेयर है और बाजार मूल्य करीब 1 करोड़ रुपये आंका गया है, पर अवैध निर्माण कर कब्जा किया गया था। अभियान के दौरान जेसीबी मशीनों की मदद से कब्जा हटाकर जमीन को खाली कराया गया।
इस कार्रवाई का नेतृत्व जोनल प्रभारी अधिकारी भूमि बैंक (जोन-4) और प्रवर्तन टीम द्वारा किया गया। मौके पर पुलिस बल भी मौजूद रहा, जिससे अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
केडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आमजन से अपील की गई है कि वे सरकारी भूमि पर कब्जा न करें, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्राधिकरण ने यह भी बताया कि भविष्य में भी इसी तरह का अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि शहर में अवैध कब्जों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
Share this story