आंधी के कहर पर महापौर का एक्शन, काकादेव पहुंच कर लिया हालत का जायजा

आंधी के कहर पर महापौर का एक्शन, काकादेव पहुंचकर लिया हालात का जायजा
कानपुर। शहर में हाल ही में आई तेज आंधी और बारिश के बाद महापौर एक्शन मोड में नजर आए। महापौर ने पार्षद नीरज कुरील एवं अधिशाषी अभियंता (उद्यान) के साथ नवीन नगर, काकादेव क्षेत्र का दौरा कर हालात का जायजा लिया। इस दौरान आंधी में गिरे पेड़ों से क्षतिग्रस्त मकानों एवं अन्य स्थानों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिशाषी अभियंता (उद्यान) दिवाकर भास्कर ने बताया कि आंधी के चलते पूरे शहर में पेड़ उखड़ने और गिरने की कई सूचनाएं प्राप्त हुई थीं। स्थिति से निपटने के लिए नगर निगम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए विभागीय कर्मियों के साथ निजी संसाधनों की मदद से कुल 22 टीमें लगाई गईं। इन टीमों ने गिरे पेड़ों को हटाकर मार्गों को आवागमन के लिए सुचारु किया।
नगर निगम द्वारा शहर के प्रमुख मार्गों—रामा देवी से कल्याणपुर तथा फूलबाग से बर्रा बाइपास तक—पर विशेष अभियान चलाकर अवरोध हटाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जहां भी अभी मार्ग अवरुद्ध हैं, वहां अतिरिक्त कर्मियों को लगाकर जल्द से जल्द रास्ते साफ कराए जाएं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि हटाए गए पेड़ों की लकड़ियां नगर निगम मुख्यालय में जमा कराई जाएं और जहां से पेड़ उखड़े हैं, वहां पुनः पौधारोपण कर हरियाली बनाए रखने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
Share this story