
मुख्यमंत्री योगी ने उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के लोगो, पोर्टल और वेबसाइट का किया अनावरण; कानपुर में हुआ सजीव प्रसारण, 70 लाभार्थियों को 1.34 करोड़ से अधिक की सहायता
कानपुर नगर, 02 सितंबर। आउटसोर्स कर्मचारियों के हितों की सुरक्षा, न्यूनतम पारिश्रमिक सुनिश्चित करने और उन्हें सामाजिक सुरक्षा का लाभ दिलाने की दिशा में प्रदेश सरकार ने बुधवार को महत्वपूर्ण कदम उठाया। लखनऊ के लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के आधिकारिक लोगो, पोर्टल एवं वेबसाइट का अनावरण किया।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का कानपुर में संजय वन, किदवई नगर स्थित वन विभाग ऑडिटोरियम में सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आउटसोर्स कार्मिकों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार और कर्मचारियों का संबंध केवल वेतन का नहीं, बल्कि विश्वास, सम्मान और गरिमा का भी है। नई व्यवस्था में आउटसोर्स कार्मिकों का न्यूनतम पारिश्रमिक सुनिश्चित करने, वेतन से होने वाली अवैध कटौती पर रोक लगाने तथा चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने पर विशेष जोर दिया गया है। 'पिक एंड चूज' व्यवस्था को समाप्त करने के साथ ही बीमा, स्वास्थ्य और भविष्य निधि जैसी सामाजिक सुरक्षा सुविधाओं का लाभ भी सुनिश्चित करने की व्यवस्था की गई है।
कानपुर में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने देखा सजीव प्रसारण
कार्यक्रम में विधायक कल्याणपुर नीलिमा कटियार, विधायक किदवई नगर महेश त्रिवेदी, विधायक गोविंद नगर सुरेंद्र मैथानी, भाजपा जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय तथा मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन सहित अधिकारी, कर्मचारी और आउटसोर्स कार्मिक मौजूद रहे।
लाभार्थियों को लाखों की सहायता राशि
कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए गए।
निर्माण कामगार मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना के तहत चमेली और संगीता गौतम को पांच-पांच लाख रुपये, जबकि कल्पना को दो लाख रुपये की सहायता दी गई।
कन्या विवाह सहायता योजना के अंतर्गत राम शंकर विश्वकर्मा को 65 हजार रुपये तथा मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना के तहत अजय वर्मा को 31 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया।
इसके अलावा अपर श्रमायुक्त, कानपुर द्वारा 70 अन्य लाभार्थियों को करीब 1 करोड़ 34 लाख 30 हजार रुपये की सहायता राशि के स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए गए। नगर निगम के कुछ कर्मचारियों को बढ़े हुए पारिश्रमिक के चेक भी प्रदान किए गए।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया और कार्यक्रम के अंत में सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में श्रम विभाग के श्रम प्रवर्तन अधिकारी, आउटसोर्स कार्मिक तथा नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
— पुलिस प्रहरी .com

