उन्नाव। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के घूरेटोला मोहल्ले में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई जब मंदिर निर्माण कार्य से जुड़े 70 वर्षीय संत मिलनदास की अज्ञात हमलावरों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
जानकारी के अनुसार घूरेटोला निवासी संत मिलनदास पुत्र रामबली मोहल्ले में मंदिर का निर्माण करा रहे थे। बताया जा रहा है कि मंदिर से करीब 200 मीटर दूर एक प्लॉट के पास अज्ञात हमलावरों ने उन पर पीछे से चाकू से कई वार किए और मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल संत को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अखिलेश चंद्र पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक के भाई विवेक सिंह ने बताया कि संत मिलनदास मंदिर निर्माण कार्य में लगे हुए थे और उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी। ऐसे में हत्या के पीछे क्या कारण है, इसकी जानकारी परिवार को भी नहीं है। उन्होंने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और विभिन्न पहलुओं पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं।
संत की हत्या की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। क्षेत्र में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मंदिर निर्माण करा रहे संत की चाकू से गोदकर हत्या, इलाके में तनाव,हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस

Share this story