Sweet Night, Dinosaur और Comfort ब्रांड की अगरबत्तियों को लेकर कृषि विभाग ने जारी की चेतावनी

कानपुर नगर। जिले में अपंजीकृत कीटनाशक युक्त अगरबत्तियों की बिक्री और इस्तेमाल को लेकर कृषि विभाग ने लोगों को सतर्क किया है। जिला कृषि रक्षा अधिकारी अरूणेश प्रताप सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन एवं कृषि निदेशालय के निर्देश पर ऐसी अगरबत्तियों के निर्माण, बिक्री और प्रयोग पर निगरानी बढ़ाई जा रही है, जिनमें Dimefluthrin एवं Meperfluthrin जैसे अपंजीकृत कीटनाशकों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

कृषि विभाग के अनुसार Sweet Night, Dinosaur और Comfort ब्रांड के नाम से ऐसी अगरबत्तियां बाजार में बिक्री किए जाने की जानकारी सामने आई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि इनका निर्माण एवं विक्रय कीटनाशी अधिनियम, 1968 तथा कीटनाशी नियमावली, 1971 के प्रावधानों का उल्लंघन है।

दुकानदारों को चेतावनी

जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने जनपद के सभी कीटनाशक विक्रेताओं, पेस्ट कंट्रोल ऑपरेटर्स और किराना दुकानदारों को चेतावनी दी है कि उनके प्रतिष्ठान पर Dimefluthrin एवं Meperfluthrin युक्त उक्त ब्रांड की अगरबत्तियों का स्टॉक पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

आमजन से भी अपील

विभाग ने आमजन से ऐसी अपंजीकृत कीटनाशक युक्त अगरबत्तियों का इस्तेमाल न करने की अपील की है। अधिकारी के मुताबिक इनके प्रयोग से स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। उपभोक्ताओं से कहा गया है कि संदिग्ध उत्पाद की खरीद से बचें और ऐसी अगरबत्तियां दिखाई देने पर संबंधित विभाग को सूचना दें।

पुलिस प्रहरी .com | कानपुर