मोतीझील समेत शहर के कई इलाकों में नगर निगम की टीम ने शुरू किया अभियान
कानपुर, 28 सितम्बर। बारिश के बाद सड़कों पर फैली बजरी से आम जनता को हो रही परेशानी को देखते हुए महापौर ने तत्काल बजरी हटाने के निर्देश दिए। महापौर ने स्वयं अपने निर्देशन में मोतीझील में सड़कों पर फैली बजरी को स्वास्थ्य विभाग एवं अभियंत्रण विभाग के कर्मचारियों के माध्यम से हटवाया।
महापौर के निर्देश के क्रम में नगर निगम की टीम द्वारा आज मोतीझील, पनकी, बेनाझाबर, स्वरूप नगर, परमट, न्यू ईदगाह कॉलोनी, ब्रह्मनगर, हर्ष नगर तथा जीटी रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों की सड़कों से फैली बजरी हटाई गई।
सड़कों पर जमा बजरी के कारण दोपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल राहगीरों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अभियान के दौरान सड़क किनारे एवं आवागमन वाले हिस्सों में फैली बजरी को हटाकर रास्तों को सुगम बनाने का प्रयास किया गया।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि केवल नगर निगम की सड़कों तक अभियान सीमित न रहे, बल्कि पीडब्ल्यूडी एवं अन्य विभागों के अंतर्गत आने वाली सड़कों से भी बजरी हटाई जाए, ताकि बारिश के बाद शहरवासियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
पुलिस प्रहरी | Kanpur अनुज तिवारी
