कानपुर। नगर निगम की ओर से जोन-4 अंतर्गत थाना स्वरूप नगर से मटका तिराहा वाया ग्वालिन चौराहा तक 22 करोड़ 27 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन सीएम ग्रिड व्हाइट टॉपिंग सड़क का 22 सितंबर 2026 को महापौर ने निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क निर्माण की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान भाजपा पार्षद दल नेता नवीन पंडित, पार्षद धीरेन्द्र त्रिपाठी, पार्षद गोविन्द मोहन शुक्ला, पार्षद विवेक शर्मा तथा जोन-4 की अधिशासी अभियंता मीनाक्षी अग्रवाल मौजूद रहीं।
अधिशासी अभियंता मीनाक्षी अग्रवाल ने महापौर को बताया कि सड़क निर्माण की निर्धारित समय सीमा 25 सितंबर 2026 को समाप्त हो रही है। वहीं, निविदादाता ने सड़क का कार्य पूर्ण करने के लिए दो माह का अतिरिक्त समय मांगा है।
महापौर ने सड़क की गुणवत्ता को लेकर स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच आईआईटी कानपुर से कराई जाए। साथ ही उन्होंने सड़क की नियमित रूप से तराई कराते रहने के निर्देश भी दिए, ताकि निर्माण कार्य की गुणवत्ता प्रभावित न हो।
महापौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य की लगातार निगरानी करने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।