बी एल ओ ड्यूटी के नाम पर अध्यापन से गायब सहायक अध्यापक का वेतन रोका जाएगा

बीएलओ ड्यूटी के नाम पर अध्यापन से गायब सहायक अध्यापक का वेतन रोका जाएगा
सीडीओ के औचक निरीक्षण में खुली लापरवाही, स्पष्टीकरण तलब
कानपुर नगर।
मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन के औचक निरीक्षण में विद्यालयी व्यवस्थाओं में लापरवाही सामने आई है। कम्पोजिट विद्यालय रामकृष्ण नगर में सहायक अध्यापक प्रभा सिंह द्वारा मार्च माह में बीएलओ ड्यूटी के नाम पर पूरे महीने अध्यापन कार्य न करने का मामला उजागर हुआ है। इसे गंभीरता से लेते हुए सीडीओ ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया है कि संबंधित अध्यापक का अप्रैल 2026 का वेतन अग्रिम आदेश तक रोक दिया जाए और उनसे स्पष्टीकरण प्राप्त किया जाए।
शनिवार को किए गए निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने कम्पोजिट विद्यालय रामकृष्ण नगर और प्राथमिक विद्यालय भौसियां हाता (चुन्नीगंज) का जायजा लिया। उन्होंने उपस्थिति पंजिका, मिड डे मील व्यवस्था, साफ-सफाई और शैक्षणिक गतिविधियों की स्थिति का निरीक्षण किया। उपस्थिति रजिस्टर की जांच में यह पाया गया कि प्रभा सिंह के नाम के सामने पूरे मार्च माह में बीएलओ ड्यूटी अंकित है, जबकि विद्यालय में उनका अध्यापन कार्य नहीं हुआ।
सीडीओ ने निर्देश दिए कि भविष्य में संबंधित अध्यापक का वेतन ईआरओ गोविंद नगर की संस्तुति के बाद ही जारी किया जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मिड डे मील की गुणवत्ता की भी जांच की और विद्यार्थियों के बीच कॉपियों व पाठ्य पुस्तकों का वितरण कराया। साथ ही शिक्षकों को समय से पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराने और नियमित पढ़ाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने “स्कूल चलो अभियान” के तहत घर-घर सर्वे कर शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
इसके बाद प्राथमिक विद्यालय भौसियां हाता के निरीक्षण में परिसर में जिला पूर्ति विभाग की एक अनुपयोगी इमारत पाई गई। इस पर सीडीओ ने जिला पूर्ति अधिकारी को समिति गठित कर नियमानुसार नीलामी या ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। वहीं, विद्यालय में सभी छात्र उपस्थित मिलने पर प्रबंधन की सराहना भी की गई।
सीडीओ ने स्पष्ट कहा कि विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों की नियमित निगरानी जारी रहेगी और लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Share this story