सहकार भारती कार्यकर्ताओं से बोले राष्ट्रीय संगठन मंत्री -सहकारी चुनाव में मजबूती से उतरे

सहकार भारती कार्यकर्ताओं से बोले राष्ट्रीय संगठन मंत्री – सहकारी चुनावों में मजबूती से उतरें
वाराणसी में दो दिवसीय प्रदेश कार्यकारिणी बैठक संपन्न, संगठन को सेवा भाव से मजबूत बनाने पर जोर
वाराणसी। सहकार भारती की प्रदेश कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक श्री धर्मसंघ शिक्षा मंडल के सभागार में संपन्न हुई। बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय संगठन मंत्री संजय पाचपोर ने कार्यकर्ताओं से सहकारी संस्थाओं के चुनाव मजबूती के साथ लड़ने का आह्वान किया। उन्होंने संगठन को आत्मनिर्भर, मजबूत और प्रभावी बनाने पर विशेष बल देते हुए कहा कि इसे राजनीतिक दल की तरह नहीं, बल्कि सेवा और सहयोग की भावना से संचालित किया जाना चाहिए।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को आत्मविश्वास के साथ चुनावी प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण संघर्ष की भावना होती है। यदि जीत संभव न भी हो, तो संगठन को इतना सशक्त बनाया जाए कि उसे नजरअंदाज न किया जा सके।
बैठक में जिलाध्यक्षों, महामंत्रियों, महिला प्रमुखों समेत अन्य पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया। संगठनात्मक कार्यों में तेजी लाने के लिए प्रदेश स्तर से एक और जिला स्तर से दो कार्यकर्ताओं की तीन सदस्यीय टीम बनाकर विभागवार जिम्मेदारी तय करने का सुझाव भी दिया गया।

इस दौरान यह प्रस्ताव रखा गया कि प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक वर्ष में एक बार आयोजित की जाए, ताकि समय और ऊर्जा का बेहतर उपयोग हो सके और कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर अधिक प्रभावी ढंग से कार्य कर सकें।
राष्ट्रीय संगठन मंत्री ने संगठन में पारदर्शिता और ईमानदारी पर जोर देते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की सिफारिश या दबाव के आधार पर नियुक्तियां नहीं होंगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निष्ठा और समर्पण से काम करने वाले कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान और अवसर मिलेगा।

हनुमान जयंती के अवसर पर उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को भगवान हनुमान से प्रेरणा लेकर सद्भाव, समर्पण और विशाल हृदय के साथ कार्य करना चाहिए।
बैठक में महामंत्री अरविंद दुबे ने जिलेवार संगठन विस्तार की जानकारी दी, जबकि प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अरुण कुमार सिंह ने सहकारी संस्थाओं की समस्याओं और उनके समाधान पर प्रकाश डाला। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं को नए दायित्व भी सौंपे गए और व्यवस्था में लगे कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया।
बैठक में डॉ. वीरेंद्र जायसवाल, दीपक चौरसिया, पंडित जगजीतन पांडेय, सुनील गुप्ता, डी.पी. पाठक, डॉ. एस.के. सिंह, सोनिका राणा, मीनाक्षी राय, तुषमूल मिश्रा, हरेंद्र सिंह, कैलाश निषाद, लोकेंद्र सिंह, आनंद पांडेय, पदमाकर पांडेय, रुकम पाल सिंह और धर्मेंद्र शुक्ला सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 350 से अधिक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Share this story