त्योहारों को लेकर नगर निगम अलर्ट, साफ- सफाई व व्यवस्थाओं के निर्देश

त्योहारों को लेकर नगर निगम अलर्ट, साफ-सफाई व व्यवस्थाओं के निर्देश
कानपुर, 18 मार्च 2026। आगामी नवरात्र, रामनवमी एवं ईद पर्व को दृष्टिगत रखते हुए नगर निगम मुख्यालय स्थित समिति कक्ष में महापौर एवं नगर आयुक्त की संयुक्त अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के विभिन्न जोनों में मंदिर, मस्जिद एवं ईदगाहों की साफ-सफाई तथा व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जोन-1 में प्राचीन माता तपेश्वरी देवी मंदिर, बुद्धा देवी मंदिर, बंगाली मोहाल स्थित माता काली मंदिर एवं चमनगंज की प्रमुख मस्जिदों में सफाई व्यवस्था हेतु कर्मचारियों की तैनाती की जानकारी दी गई। जोन-2 में हरजेन्दर नगर स्थित काली बाड़ी मंदिर एवं चार ईदगाहों, जोन-3 में बारा देवी मंदिर, जंगली देवी मंदिर एवं ईदगाह, जबकि अन्य जोनों में भी प्रमुख धार्मिक स्थलों पर कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित किए जाने की जानकारी अधिकारियों द्वारा दी गई।
महापौर ने विशेष रूप से बारा देवी मंदिर में बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए साफ-सफाई, दुकानों के सुव्यवस्थित संचालन एवं मार्गों को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि मंदिर, मस्जिद एवं ईदगाहों के आसपास सीवर मैनहोल खुले न रहें और नालियां ढकी हों, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
महाप्रबंधक जलकल ने जानकारी दी कि नवरात्र के दौरान भंडारा स्थलों पर टैंकरों की व्यवस्था की जाएगी तथा ईद के अवसर पर 16 स्थानों पर जलापूर्ति हेतु टैंकर लगाए जाएंगे।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पानी, शौचालय, साफ-सफाई, परिक्रमा स्थल, नालियों एवं मैनहोल की स्थिति का विशेष ध्यान रखा जाए। मंदिरों के आसपास फूल-मालाओं एवं पूजा सामग्री के निस्तारण की समुचित व्यवस्था की जाए तथा किसी भी स्थिति में गंदगी न फैलने दी जाए। उन्होंने बारा देवी मंदिर के पीछे अतिक्रमण हटाने एवं नालियों की सफाई कराने के भी निर्देश दिए।
बैठक में अपर नगर आयुक्त, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, मुख्य अभियंता, अधिशासी अभियंता, जलकल विभाग के अधिकारी एवं सभी जोनों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Share this story